देसूरी पाली/घुमन्तु दर्पण पाली जिले के देसूरी करेली बास क्षेत्र में लंबे समय से चल रही बिजली समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर खराब ट्रांसफार्मर को बदलने तथा विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगे ट्रांसफार्मर की खराब स्थिति के कारण आए दिन बिजली गुल हो जाती है तथा रात के समय वोल्टेज कम रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में छोटे बच्चों और बुजुर्गों का हाल बेहाल है।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार विद्युत निगम अधिकारियों को अवगत करवाया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण निगम कार्यालय का घेराव कर जनआंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।








