विवरणिका विमोचन समारोह में आयोजन की रूपरेखा घोषित, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होंगे उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि
गुरला-भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। अखिल भारतीय स्वदेशी मेला आयोजन समिति की ओर से रविवार को होटल PFC, आजाद नगर में आगामी स्वदेशी मेले की विवरणिका का विमोचन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि स्वदेशी आंदोलन को आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। मेले में टेक्नोलॉजी एवं डिफेंस क्षेत्र की स्टॉल लगाई जानी चाहिए, ताकि युवा नई तकनीकों से परिचित होकर नवाचार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें। उन्होंने दत्तोपंत ठेंगड़ी के स्वदेशी विचारों को आज भी प्रासंगिक बताया।
निम्बार्क आश्रम के महंत मोहन शरण शास्त्री ने समाज के सभी वर्गों से मेले को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। पंचमुखी दरबार के संत लक्ष्मण दास महाराज के प्रतिनिधि परमेश्वर जी महाराज ने आयोजन के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।मेला संयोजक डॉ. राजकुमार चतुर्वेदी एवं समिति सचिव सुनील सोमानि ने बताया कि अखिल भारतीय स्वदेशी मेला 1 से 10 जनवरी 2027 तक मेडिसिटी ग्राउंड, आजाद नगर, भीलवाड़ा में आयोजित होगा। इसमें देशभर से 700 से अधिक स्टॉल लगाई जाएंगी। स्वदेशी उत्पादों, लघु एवं कुटीर उद्योगों, तकनीकी नवाचार तथा भारतीय परंपरागत उत्पादों को विशेष स्थान दिया जाएगा।उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय वसंतराव होसबाले मुख्य वक्ता तथा त्रिलोकचंद छाबड़ा अध्यक्षता करेंगे। स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल विशिष्ट अतिथि होंगे।
दस दिवसीय मेले में प्रतिदिन संगोष्ठियां एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। मेले का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना, स्थानीय उद्यमियों को मंच उपलब्ध करवाना तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है।कार्यक्रम का संचालन मेला समन्वयक डॉ. देवीलाल साहू ने किया। इस अवसर पर डॉ. रोशन लाल पिपलिया, महेश नवल, डॉ. भगवती लाल जगतिया, राजन गहलोत, अजय दादा, रवि कोली, जानकी माली, श्यामसुंदर डोलिया, दुर्गालाल सोनी, रेखा सिंगलिया, अंजना जगतिया, ललिता मीणा, प्रीति, भावना, बनवारी लाल सोनी, रोशन लाल तोतला, गणेश प्रजापत एवं सत्यनारायण वैष्णव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में जिला संयोजक ने सभी अतिथियों एवं मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त किया।







