डब्ल्यू-26 सामूहिक कला प्रदर्शनी 8 को

विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाएं करेंगी प्रदर्शनी का उद्घाटन
भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर भीलवाड़ा में पहली बार अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की कलाकृतियां एक ही छत के नीचे देखने को मिलेंगी। दीपिका आर्ट एकेडमी, नेशनल आर्टिस्ट एसोसिएशन एवं नवदीप के संयुक्त तत्वावधान में डब्ल्यू-26 सामूहिक कला प्रदर्शनी’ का आयोजन किया जा रहा है।
आर्ट एकेडमी की निदेशक दीपिका पाराशर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रदर्शनी 8 मार्च से 12 मार्च तक आयोजित होगी तथा 8 मार्च को प्रातः 10 बजे इसका विधिवत उद्घाटन किया जाएगा।
दीपिका ने बताया कि महिला दिवस का मौका है तो कला संगम का उद्घाटन शहर की गणमान्य महिलाओं द्वारा किया जायेगा। समारोह में मुख्य अतिथि नीतू ओस्तवाल, सम्मानीय अतिथि दिव्या बांगड़, विशिष्ट अतिथि गृशिमा शर्मा, डा. अर्पणा श्यामसुखा, पूजा गलूण्डिया, रिंकी मिश्रा, गीता चैधरी, श्रद्धा मानसिंहका, आशा गोयल होगी।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य भीलवाड़ा में अंतरराष्ट्रीय कला संवाद को बढ़ावा देना और महिला दिवस के अवसर पर सृजनात्मक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करना है।
40 कलाकार, विविध विधाएं
प्रदर्शनी में देश-विदेश के 40 कलाकारों की कृतियां प्रदर्शित होंगी। इनमें चित्रकला, मूर्तिकला, प्रिंटमेकिंग, फोटोग्राफी, डिजिटल आर्ट और मिक्स मीडिया जैसी विविध विधाओं के उत्कृष्ट कार्य देखने को मिलेंगे।
अंतरराष्ट्रीय सहभागिता
इस प्रदर्शनी में फ्रांस, जापान, इटली, बांग्लादेश, ईरान, नेपाल, क्रोएशिया, इजराइल सहित भारत के कोलकाता, लुधियाना, पुणे, बड़ौदा, अहमदाबाद, भीलवाडा, चंडीगढ़, जयपुर, जम्मू-कश्मीर, कल्याणी और जलगांव से कलाकार अपनी कलाकृतियां प्रस्तुत करेंगे।
दीपिका पाराशर ने बताया कि यह प्रदर्शनी केवल कला प्रदर्शन नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का एक सशक्त मंच बनेगी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित यह कला उत्सव शहर के कला प्रेमियों के लिए एक विशेष अवसर रहेगा।








