नोखा/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)।नोखा नगर पालिका बोर्ड में भाजपा पार्षद महेश झंवर को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शनिवार को भाजपा नोखा शहर मंडल अध्यक्ष गंगाराम पाण्डिया ने उन्हें नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया। इस दौरान भाजपा के सभी पार्षदों ने महेश झंवर के प्रति समर्थन जताया और उनके नेतृत्व में नगर के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद व्यक्त की।
महेश झंवर देहात भाजपा के जिला उपाध्यक्ष भी हैं। नेता प्रतिपक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद वे नगर पालिका में जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। साथ ही शहर के सभी वार्डों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करेंगे। केंद्र और राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना तथा सभी राजनीतिक दलों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
नेता प्रतिपक्ष के लिए अलग कक्ष की मांग
नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष के लिए अलग कार्यालय कक्ष की कमी भी सामने आई। भाजपा के महिला एवं पुरुष पार्षदों ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नेता प्रतिपक्ष के लिए अलग कक्ष उपलब्ध करवाने की मांग की।महेश झंवर पूर्व पालिकाध्यक्ष श्रीनिवास झंवर के पुत्र हैं। वे लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। इस बार उन्होंने नोखा के घंटाघर क्षेत्र के वार्ड से पार्षद का चुनाव जीता है।
महेश झंवर को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने पर पार्षद गणपत गोदारा, श्रवण ज्याणी, ओमप्रकाश भांभू, दिनेश सुथार, रेवंतराम नाई, अणदु देवी भार्गव, ओमप्रकाश सियाग, शारदा कुलरिया, सीताराम जोशी, परमा देवी सुथार, जयश्री भूरा और यशोदा देवी भट्टड़ ने सहमति जताई। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि महेश झंवर नगर पालिका में जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाकर नोखा के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।








