बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)।बीकानेर के रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक ऊन फैक्ट्री में सोमवार अलसुबह दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री परिसर में सो रहे 40 वर्षीय मजदूर पर पानी का टैंकर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रीको रोड नंबर 8, गंगाशहर थाना क्षेत्र निवासी नंदू सिंह भाटी पुत्र जयराम सिंह भाटी के रूप में हुई है।कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवारी ने बताया कि हादसा सुराणा टेक्सटाइल नामक ऊन फैक्ट्री में हुआ। यहां काम करने वाला नंदू सिंह भाटी रविवार रात फैक्ट्री परिसर में ऊन बिछाकर सो गया था। उसने चादर की जगह ऊन ओढ़ रखी थी।
सोमवार अलसुबह पानी का टैंकर पानी डालने के लिए फैक्ट्री परिसर में पहुंचा। ऊन से ढके होने के कारण मजदूर टैंकर चालक को दिखाई नहीं दिया। इसी दौरान टैंकर सो रहे नंदू सिंह के ऊपर चढ़ गया। टैंकर का पहिया सिर के ऊपर से गुजरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।थानाधिकारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद असहाय सेवा संस्थान और खादिम खिदमतगार सोसायटी के सेवादारों ने शव को मोर्चरी में रखवाने में सहयोग किया।








