भीलवाड़ा/घुमंतू दर्पण। श्री बाबाधाम में रविवार को नवरात्र महोत्सव के तहत विशेष महाआरती, हवन-पूजन और गरबा नृत्य का आयोजन हुआ। मंदिर में विद्युत सजावट और रंग-बिरंगे फूलों से सजे मां के दरबार में हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। महाआरती के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया और दर्शन के लिए बाहर तक कतारें लगी रहीं।
अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में आचार्य गोविन्द गौतम एवं अन्य पंडितों ने हवन-पूजन, दुर्गा पाठ और पूजा-अर्चना करवाई। उपमहापौर राधेश्याम सोमानी ने भी रविवार की महाआरती में भाग लिया।
मीडिया प्रभारी एवं गरबा प्रभारी राजेश नैनावटी ने बताया कि रात 8:15 बजे मां अन्नपूर्णा वैष्णो देवी के दरबार में गरबा हुआ, जिसमें युवक-युवतियों, महिलाओं और पुरुषों ने उत्साह से भाग लिया। गरबा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। श्री बाबाधाम में नवरात्र महोत्सव 19 अक्टूबर तक आयोजित होगा।








