गुरला/घुमन्तु दर्पण। राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा की ओर से राजनीतिक जागरूकता अभियान के तहत शाहपुरा तहसील के डाबला ग्राम में माली समाज की बैठक आयोजित की गई। मुख्य वक्ता प्रदेश महामंत्री गोपाल लाल माली ने कहा कि राजनीति में सक्रिय भागीदारी के बिना किसी भी समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने समाजजनों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने और योग्य एवं समाजहितैषी जनप्रतिनिधियों के चयन का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष भैरूलाल माली ने कहा कि राजनीतिक जागरूकता अभियान के माध्यम से समाज को संगठित कर राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।बैठक में आगामी पंचायतीराज चुनाव को लेकर चार घंटे से अधिक समय तक विचार-विमर्श हुआ। इसके बाद समाजजनों ने सर्वसम्मति से स्थानीय निवासी रामकुमार माली को सरपंच प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया। साथ ही तय किया गया कि समाज से केवल एक व्यक्ति सरपंच पद के लिए दावेदारी करेगा और सभी समाजजन एकजुट होकर उसका सहयोग करेंगे।
बैठक में सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षा एवं स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। जिला महामंत्री सत्यनारायण माली (डाबला) ने समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया।इस अवसर पर तोताराम माली, मांगीलाल माली, विनोद माली, सांवरमल माली, रामकुमार माली, शंकर लाल माली, मदन माली, प्रभुलाल माली, मीठू माली, कजोड़ माली, सत्तु माली, महावीर माली, ओम प्रकाश माली सहित महासभा के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।








