थांवला/घुमन्तु दर्पण(चंद्रशेखर सारस्वत)। थांवला थाना क्षेत्र की भादार की ढाणी में गुरुवार दोपहर बाद अज्ञात परिस्थितियों में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कच्चा झोपड़ा और उसमें रखा घरेलू व कृषि उपयोग का सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से एक भैंस भी बुरी तरह झुलस गई। घटना में परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आगजनी से प्रभावित गुदड़मल पुत्र छीतर मल कुमावत ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ खेत में गोभी तुड़वाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान बाड़े में बने कच्चे झोपड़ों की ओर से धुआं उठता दिखाई दिया। आसपास के लोगों के चिल्लाने पर वह तुरंत बाड़े की ओर दौड़े। मौके पर पहुंचे तो आग ने विकराल रूप ले लिया था।
आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल पानी की होद और बाल्टियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों ने काफी देर तक मशक्कत की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि झोपड़े और उसमें रखा सामान बचाया नहीं जा सका। आग से झोपड़े में रखी करीब 20 बोरी मूंगफली, 2 बोरी मक्का, 1 बोरी राई, 2 बोरी बाजरा, फसल में उपयोग होने वाली स्प्रे दवाइयां, स्प्रे मशीन, यूरिया खाद के कट्टे सहित अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गए। वहीं आग की चपेट में आने से एक भैंस भी बुरी तरह झुलस गई।
आसपास बंधे थे कई मवेशी, बड़ा हादसा टला
जिस झोपड़े में आग लगी, उसके आसपास कई अन्य कच्ची झोपड़ियां बनी हुई थीं और बड़ी संख्या में मवेशी भी बंधे हुए थे। आग यदि आसपास की झोपड़ियों तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों की तत्परता से आग को आगे फैलने से रोक लिया गया और अन्य झोपड़ियों व मवेशियों को बचा लिया गया।
पुलिस व पटवारी ने किया मौका मुआयना
घटना की सूचना मिलने पर थांवला पुलिस थाना की टीम और हल्का पटवारी रेणुका मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर मौका रिपोर्ट तैयार की। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। बताया गया कि आग से प्रभावित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और गुदड़मल दिव्यांग भी हैं। ऐसे में अचानक हुई इस आगजनी से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित सहायता दिलाने की मांग की है।








