मरम्मत कार्य के चलते दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक आवागमन रहेगा प्रभावित, वैकल्पिक मार्ग से निकल सकेंगे वाहन
रायला/घुमन्तु दर्पण। अजमेर-चित्तौड़गढ़ रेलखंड के रायला रोड स्टेशन यार्ड में स्थित समपार फाटक संख्या 53-C पर रेल मरम्मत कार्य के चलते बुधवार 30 सितंबर को फाटक को छह घंटे के लिए बंद रखा जाएगा। रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार फाटक दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक पूर्णतः बंद रहेगा। फाटक बंद रहने के दौरान वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग से आवागमन करना होगा। वाहन रायला रोड के मध्य स्थित बागरवाल खेड़ा ब्रिज संख्या 118 तथा रायला रोड-लांबिया के मध्य स्थित जनता कॉलोनी रेलवे ओवरब्रिज से होकर आ-जा सकेंगे।
रेलवे ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि फाटक बंद रहने की अवधि में निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और आवागमन के दौरान असुविधा से बचने के लिए पहले से मार्ग तय कर लें। सूचना मंडल जनसंपर्क अधिकारी, अजमेर मंडल को आवश्यक कार्रवाई एवं आमजन की जानकारी के लिए भेजी गई है।







