बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। बीकानेर में एक ज्वेलर से कथित तौर पर रोहित गोदारा गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। नयाशहर थाना क्षेत्र के ज्वेलर जुगल नारायण सोनी को विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल कर धमकी दी गई। इसके बाद 57 सेकंड का वॉयस मैसेज भेजकर भी फिरौती की मांग की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ज्वेलर जुगल नारायण सोनी के अनुसार, 26 सितंबर की शाम 4:52 बजे विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम वीरेंद्र चारण बताया। वॉट्सऐप आईडी पर अंग्रेजी में ‘जय बाबेरी’ लिखा हुआ था। करीब एक मिनट की बातचीत के दौरान 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई।
कॉल के बाद भेजा 57 सेकंड का वॉयस मैसेज
कॉल के बाद ज्वेलर को 57 सेकंड का वॉयस मैसेज भी भेजा गया। इसमें भी 5 करोड़ रुपए की मांग की गई। शिकायत के मुताबिक, कॉल करने वाले ने खुद को संगठित गैंग का सदस्य बताते हुए गैंग के नाम पर वसूली करने की बात कही।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर वीरेंद्र चारण और रोहित गोदारा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ बीकानेर के विभिन्न थानों में पहले भी मामले दर्ज हैं, जिनमें फिरौती मांगने के प्रकरण शामिल हैं।
तीन साल में कई व्यापारियों को धमकी
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में बीकानेर में व्यापारियों से कथित तौर पर गैंग के नाम पर फिरौती मांगने के कई मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले 7 जून 2023 को जुगल राठी से 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। इसी दिन सुखदेव चायल के घर फायरिंग कर 5 करोड़ रुपए की मांग किए जाने का मामला भी सामने आया था।
इसके अलावा जनवरी 2024 में रिकबचंद जैन, जुलाई 2025 में पीयूष संगारी तथा 8 जुलाई को एक अन्य व्यापारी से कार्यालय उड़ाने की धमकी देकर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस वर्तमान मामले में कॉल, वॉयस मैसेज और नंबर के आधार पर जांच कर रही है।







