बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। बीकानेर जिले की 15 पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए आरक्षण लॉटरी बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। लॉटरी में चार पंचायत समितियां एससी और तीन ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित हुई हैं, जबकि आठ पंचायत समितियां सामान्य अनारक्षित श्रेणी में रखी गई हैं। आरक्षण के तहत कुल सात सीटें महिलाओं के लिए निर्धारित हुई हैं।एससी वर्ग की चार सीटों में बज्जू खालसा, हदां, छत्तरगढ़ और रीड़ी शामिल हैं। इनमें बज्जू खालसा और हदां में एससी वर्ग की महिला प्रधान बनेगी। वहीं ओबीसी वर्ग के लिए खाजूवाला, पूगल और पांचू पंचायत समितियां आरक्षित हुई हैं। इनमें पूगल में ओबीसी वर्ग की महिला प्रधान पद संभालेंगी।
सामान्य अनारक्षित श्रेणी में बीकानेर, श्रीडूंगरगढ़, कोलायत, नोखा, बीठनोक, जसरासर, लूणकरणसर और रूणिया पंचायत समितियां शामिल हैं। इनमें श्रीडूंगरगढ़, लूणकरणसर, जसरासर और बीठनोक महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं।यहां सामान्य का अर्थ किसी विशेष जाति से नहीं है। सामान्य अनारक्षित सीटों पर सभी जाति वर्गों के महिला-पुरुष प्रधान पद के लिए पात्र होंगे। हालांकि जिन चार सामान्य सीटों को महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है, वहां किसी भी जाति वर्ग की महिला प्रधान बन सकेगी।







