बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। गजनेर थाना क्षेत्र में बकरियों के खेत में चरने को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की डंपर से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना में उसकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को वारदात के करीब 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सुरजड़ा निवासी जेठाराम ने 21 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया कि 20 सितंबर दोपहर करीब 2 बजे उसकी 15-16 बकरियां खेत के बाहर चर रही थीं। पड़ोसी गांव डेह निवासी बाबूलाल उन्हें वहां से हटा रहा था। इस दौरान जेठाराम के पिता पूनमाराम और खेत मालिक सुरेंद्र कुमार ने उसे समझाया। आरोप है कि बाबूलाल ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और वहां से चला गया।
सुबह दंपती पर चढ़ाया डंपर
पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद की रंजिश में 21 सितंबर सुबह करीब 5 बजे आरोपी बाबूलाल डंपर लेकर खेत की ओर आया और वहां सो रहे पूनमाराम व उनकी पत्नी पूनम देवी को कुचल दिया। हादसे में पूनमाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पूनम देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोपी ने पास खड़ी मोटरसाइकिल को भी टक्कर मार दी और करीब 250 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
बेटे पर भी डंपर चढ़ाने का प्रयास
पुलिस के अनुसार, घायल मां को इलाज के लिए ले जाने का साधन लेने जेठाराम जब एनएच-11 पर गया, तभी आरोपी डंपर लेकर वापस डेह की तरफ से आया और उस पर भी डंपर चढ़ाने का प्रयास किया। जेठाराम ने कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। घायल पूनम देवी को पीबीएम अस्पताल बीकानेर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल यूनिट और एमओबी टीम को बुलाया। मौके की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों और वारदात में प्रयुक्त डंपर को जब्त कर लिया।आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी सहायता ली। इसके बाद पुलिस ने बाबूलाल पुत्र फताराम उर्फ किसनाराम नायक (27), निवासी डेह, थाना कोलायत को घटना के करीब 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया।
मामले में थाना गजनेर में बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। कार्रवाई थानाधिकारी ओमप्रकाश सुथार के नेतृत्व में हुई। टीम में हेड कांस्टेबल रविंद्र कुमार, कांस्टेबल कालूराम, जोगाराम और चालक कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह की कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।







