आसींद/घुमन्तु दर्पण(परमवीर सिंह कटार)। नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर चल रही सियासी हलचल के बीच नामांकन वापसी के अंतिम दिन बड़ा घटनाक्रम सामने आया। निवर्तमान पालिका अध्यक्ष देवीलाल साहू ने पार्टी अनुशासन और संगठन हित को प्राथमिकता देते हुए अध्यक्ष पद के लिए दाखिल अपना नामांकन वापस ले लिया।
नामांकन वापस लेने के बाद देवीलाल साहू ने कहा कि संगठन का निर्णय सर्वोपरि है। उन्होंने आसींद नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड पूर्ण बहुमत से बनने का दावा किया और सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के पक्ष में काम करने की बात कही।
25 वार्डों में भाजपा के 12 पार्षद
आसींद नगर पालिका में कुल 25 वार्ड हैं। बहुमत के लिए 13 पार्षदों का समर्थन जरूरी है। मौजूदा दलीय स्थिति में भाजपा के 12, कांग्रेस के 8 और निर्दलीय 5 पार्षद हैं। ऐसे में भाजपा को बहुमत के लिए एक अतिरिक्त पार्षद के समर्थन की आवश्यकता है।देवीलाल साहू के नामांकन वापस लेने के बाद अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। दोपहर 3 बजे के बाद स्थिति स्पष्ट हुई, जिसमें भाजपा से सत्येंद्र सिंह चौहान और कांग्रेस से दिनेश गोखरू प्रत्याशी हैं।
21 सितंबर को अध्यक्ष, 22 को उपाध्यक्ष का चुनाव
नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को पार्षद मतदान करेंगे, जबकि 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन होगा। चुनाव को लेकर दोनों दलों के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।








