पाली/घुमन्तु दर्पण(सुरेश पवार)। जिला मुख्यालय स्थित बांगड़ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रारंभिक शिक्षा के तत्वावधान में जिला स्तरीय भामाशाह एवं प्रेरक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय निर्माण एवं विद्यालय विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले भामाशाहों और प्रेरकों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम प्रजापत एवं अतिरिक्त शिक्षा अधिकारियों ने भामाशाहों और प्रेरकों का माला, साफा, मोमेंटो एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। अधिकारियों ने विद्यालयों के विकास में सहयोग देने वाले सभी भामाशाहों एवं प्रेरकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में मारवाड़ जंक्शन के राणावास गांव के राजकीय सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय के पुनर्निर्माण में एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रेरक हेमंत चौधरी एवं संबंधित भामाशाह का विशेष सम्मान किया गया।इस अवसर पर विद्यालय विकास में सहयोग देने वाले अन्य भामाशाह एवं प्रेरक भी मौजूद रहे।








