शाहपुरा/घुमन्तु दर्पण(किशन वैष्णव)। नई राज्यास स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार को स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा विभाग के कार्मिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
कार्यक्रम में शाहपुरा ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. चेनाराम कुमावत ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। समय पर रक्त उपलब्ध होने से जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी दूसरे के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।
डॉ. कुमावत ने आमजन से अधिकाधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रक्त की जरूरत किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है, इसलिए समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की भावना और जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।
इस अवसर पर एएनएम सुशीला ढाका, पायल श्रीमाली, रामप्रसाद मीणा सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।








