वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

सड़क बनी, 8 माह बीते खामोर में अब भी बीच सड़क खड़े विद्युत पोल

शाहपुरा/घुमन्तु दर्पण(किशन वैष्णव)। खामोर की घनी आबादी से गुजर रही एमडीआर सड़क का निर्माण पूरा हुए आठ माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन सड़क के भीतर आए विद्युत पोल अब तक नहीं हटाए गए हैं। डेयरी चौराहे के पास देवनारायण मंदिर के नजदीक एक विद्युत पोल सड़क की ओर करीब पांच फीट तक आ गया है। वहीं तेजाजी चौक के करीब 90 डिग्री मोड़ पर भी विद्युत पोल सड़क के बीचोंबीच बाधा बने हुए हैं।

सड़क पर लगातार छोटे-बड़े वाहनों और राहगीरों की आवाजाही रहती है। कंवलियास-केरोट एमडीआर पर गिट्टी से भरे डंपर सहित भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान समस्या और बढ़ जाती है। आमने-सामने भारी वाहन आने पर सड़क का हिस्सा बेहद संकरा हो जाता है। खासकर घुमावदार हिस्से में बीच सड़क खड़े पोल के कारण वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ती है।

ग्रामीणों ने जल्द पोल शिफ्ट करने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान ही विद्युत पोल शिफ्ट किए जाने चाहिए थे। आठ माह से अधिक समय बीतने के बाद भी पोल सड़क के भीतर मौजूद हैं। स्कूली बच्चों, राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय और भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान खतरा और बढ़ जाता है।

ग्रामीणों के अनुसार मुख्य सड़क पर कई अन्य स्थानों पर भी विद्युत पोल सड़क की ओर आए हुए हैं। उन्होंने विद्युत विभाग और पीडब्ल्यूडी से सभी संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर जल्द पोल शिफ्ट करने की मांग की है।

स्वीकृति हुई, भुगतान के बाद शुरू होगा काम

पीडब्ल्यूडी के एईएन सुनीत वर्मा ने बताया कि विद्युत पोल शिफ्टिंग की स्वीकृति आ चुकी है और अब डिमांड जमा करानी है। उन्होंने जल्द कार्रवाई करवाने की बात कही। वहीं जीएसएस सूरजपुर के जेईएन मुन्नाराम के अनुसार पोल शिफ्टिंग का इस्टीमेट विभाग को दे दिया गया है और स्वीकृति भी मिल चुकी है। संबंधित राशि जमा होने के बाद पोल शिफ्टिंग का काम शुरू किया जाएगा।

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें