भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। नगर निगम चुनाव के तहत बुधवार, 9 सितंबर को शहर में मतदान प्रक्रिया जारी है। लोकतंत्र के इस महापर्व में संतों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ मतदान किया। इसी क्रम में श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर के महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज ने अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया।महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज ने आम मतदाताओं की तरह कतार में लगकर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने नागरिकों से क्षेत्र के विकास और सनातन संस्कृति के उत्थान को ध्यान में रखते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत महत्वपूर्ण है और नागरिकों को जागरूक होकर अपने मत का इस्तेमाल करना चाहिए। वहीं, शहर के राजनीतिक गलियारों में निकाय चुनाव के संभावित परिणामों को लेकर चर्चाओं का दौर भी जारी है।सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह नजर आया। लोग अपने वार्ड के पार्षद चुनने के साथ ही शहर की आगामी विकास दिशा तय करने के लिए मतदान केंद्रों तक पहुंचे।







