भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। बिजौलिया क्षेत्र के आंटी चम्पापुर गांव में हाट चौक की जमीन पर कथित अवैध कब्जे और खनन को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को उपखंड अधिकारी छोटूलाल शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने और अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 1995 से 2005 तक यह भूमि साप्ताहिक हाट के रूप में उपयोग होती थी। मंदिर कमेटी की ओर से यहां बाउंड्रीवॉल तथा सरकारी सहायता से पानी की टंकियां जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई थीं।
ग्रामीणों ने बताया कि खेल मैदान विकसित करने के लिए स्थल पर पहुंचने पर एक व्यक्ति ने जमीन पर अपना अधिकार जताते हुए कब्जा करने का प्रयास किया। साथ ही पिछले दो माह से मंदिर के पीछे कथित रूप से अवैध खनन कर बड़ी मात्रा में पत्थर निकाले जाने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें राजनीतिक और प्रशासनिक प्रभाव का हवाला देकर धमकाया गया। उन्होंने एसडीएम से पूरे मामले की त्वरित जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।







