वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

डूंगर कॉलेज में छात्राओं का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण व स्वच्छता का दिया संदेश

बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। राजकीय डूंगर महाविद्यालय के महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में सोमवार को महाविद्यालय परिसर में पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं ध्यान विषय पर विशेष व्याख्यान, छात्राओं के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर तथा पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. स्मिता जैन ने की। महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. सोनू शिवा ने स्वागत उद्बोधन में संतुलित पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता और ध्यान को स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि चिकित्सक एवं समाजसेविका डॉ. पुष्पा शर्मा का परिचय डॉ. उषा लामरोर ने प्रस्तुत किया।

संतुलित आहार और स्वस्थ दिनचर्या पर जोर

डॉ. पुष्पा शर्मा ने छात्राओं को संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, खान-पान की आदतें और मोबाइल फोन का अत्यधिक इस्तेमाल स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है।

उन्होंने छात्राओं से जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक और अत्यधिक तले-भुने खाद्य पदार्थों से दूरी बनाकर पौष्टिक आहार लेने का आह्वान किया। मानसिक तनाव और चिंता से राहत के लिए नियमित ध्यान एवं मेडिटेशन को उपयोगी बताते हुए उन्होंने स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। इस दौरान छात्राओं ने स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और जिज्ञासाओं पर सवाल किए, जिनका डॉ. शर्मा ने समाधान करते हुए आवश्यक परामर्श दिया।

शिविर में छात्राओं की स्वास्थ्य जांच

कार्यक्रम के दौरान आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में डॉ. पुष्पा शर्मा ने बड़ी संख्या में छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव एवं परामर्श भी दिया गया।

कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ निकली जागरूकता रैली

पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रति जागरूकता और कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम के उद्देश्य से महाविद्यालय परिसर में जागरूकता रैली निकाली गई। छात्राओं और संकाय सदस्यों ने रैली में उत्साह के साथ भाग लिया और बालिका संरक्षण, सम्मान एवं अधिकारों का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुनीता गोयल ने किया, जबकि निकिता कस्वा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. उमा राठौड़, डॉ. अनीता गोयल, डॉ. पूनम चारण, डॉ. पूजा चौधरी, डॉ. अर्चना पुरोहित, डॉ. छाया शर्मा सहित महाविद्यालय की छात्राएं एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें