भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड-49 में नामांकन वापसी को लेकर विवाद सामने आया है। निर्दलीय प्रत्याशी रोहित सेन ने भाजपा प्रत्याशी अमित सारस्वत पर नामांकन वापस लेने के बदले 1 लाख रुपए देने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने रोहित सेन के घर पहुंचकर 1 लाख रुपए बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है।
निर्दलीय प्रत्याशी रोहित सेन ने इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी से भी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, आरोपों को लेकर भाजपा प्रत्याशी अमित सारस्वत का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। उनके कार्यालय पर भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, जहां वे मौजूद नहीं मिले।
पुलिस ने घर से बरामद किए 1 लाख रुपए
भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि रोहित सेन की शिकायत पर पुलिस उनके घर पहुंची थी। वहां से 1 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
सुबह मिलने पहुंचे थे भाजपा प्रत्याशी
रोहित सेन ने आरोप लगाते हुए बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे अमित सारस्वत उनसे मिलने आए थे। सेन के मुताबिक, उन्होंने कहा कि वार्ड के लोगों ने उन्हें चुनाव मैदान में उतारा है और वे उनकी राय के बिना कोई फैसला नहीं ले सकते। उन्होंने अमित सारस्वत से कहा कि पहले वार्डवासियों की बैठक होगी और उसके बाद ही कोई जवाब दिया जाएगा।
सेन का आरोप है कि उन्होंने सुबह 10 बजे के बाद जवाब देने की बात कही थी। इसके बाद करीब 9:30 बजे अमित सारस्वत उनके घर पहुंचे और उनकी पत्नी को 1 लाख रुपए दिए। पत्नी ने रुपए देने का कारण पूछा तो कथित तौर पर उन्हें कहा गया कि रुपए रख लें, बाकी रकम बाद में दे दी जाएगी। रोहित सेन के अनुसार, पत्नी ने फोन कर उन्हें इसकी जानकारी दी। वे तत्काल घर पहुंचे, लेकिन तब तक अमित सारस्वत वहां से जा चुके थे।
निर्वाचन अधिकारी से शिकायत
रोहित सेन ने मामले की शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी से करते हुए निर्वाचन विभाग से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि बरामद रकम और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








