भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। आगामी चुनावों को देखते हुए पुलिस ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। इसी के तहत पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन को भयमुक्त माहौल में मतदान का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च बदला चौराहे से शुरू होकर शास्त्री नगर व आसपास के क्षेत्रों से गुजरता हुआ वापस बड़ला चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल रहे। पुलिस वाहनों का काफिला भी साथ चलता रहा। जवानों की मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल नजर आया।
संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर
चुनाव के मद्देनजर पुलिस की ओर से संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने फ्लैग मार्च के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान माहौल बिगाड़ने, उपद्रव करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की ओर से असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। साथ ही आमजन को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव में सहयोग करने की अपील की गई।
अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
एएसपी राजेश आर्य ने लोगों से बिना किसी भय के मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।







