जमीन में छिपाकर रखे थे तीन ड्रम, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
बीकानेर/घुमन्तु दर्पण। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 600 लीटर स्प्रिट बरामद की।अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन बीकानेर मनीषा लेघा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के संबंध में आबकारी उपायुक्त जोन पोमाराम रोहिणा ने बताया कि जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी के निर्देशन में सहायक आबकारी अधिकारी प्रताप सिंह डूडी के नेतृत्व में टीम ने ग्राम जैतपुर, थाना महाजन क्षेत्र में दबिश दी।
टीम ने अर्जुनसर-पल्लू आम सड़क के किनारे बने कमरों के पीछे जैतपुर की सरहद में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जमीन में छिपाकर रखे गए तीन ड्रम बरामद हुए। जांच करने पर प्रत्येक ड्रम में करीब 200 लीटर स्प्रिट मिली, जिसकी कुल मात्रा 600 लीटर थी।विभाग ने मौके पर नियमानुसार कार्रवाई पूरी करते हुए आबकारी थाना लूणकरणसर में राजस्थान आबकारी अधिनियम, 1950 की धारा 16/54 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।कार्रवाई में सहायक आबकारी अधिकारी प्रताप सिंह डूडी, आबकारी निरीक्षक सरिता भार्गव सहित आबकारी निरोधक दल खाजूवाला, बीकानेर ग्रामीण एवं लूणकरणसर के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।








