गैस वितरण व्यवस्था सुधारने पर जोर, खनन क्षेत्रों में लक्ष्य से अधिक लगाए गए 41,600 पौधे
बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)| जिला कलेक्टर निशांत जैन की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सिटी गैस समिति, खनिज विकास एवं पर्यावरण संरक्षण तथा जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में गैस वितरण व्यवस्था में सुधार, खनन क्षेत्रों में पौधारोपण और अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिला सिटी गैस समिति की बैठक में कलेक्टर ने गैसनेट प्रतिनिधि को सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप मासिक लक्ष्य और उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने गैस वितरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए शहर में बाईपास के माध्यम से गैस सप्लाई की संभावनाओं पर काम करने का सुझाव दिया।
खनन क्षेत्रों में लक्ष्य से अधिक पौधारोपण
खनिज विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं अवैध खनन निगरानी समिति की बैठक में कलेक्टर ने खनन क्षेत्रों में पौधारोपण की प्रगति की समीक्षा की। खनि अभियंता महेश प्रकाश पुरोहित ने बताया कि 25 हजार पौधे लगाने के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 41,600 पौधे लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा बीएसएफ एवं क्ले एसोसिएशन बीकानेर द्वारा 20 हजार पौधे लगाने का कार्य भी प्रगति पर है।बैठक में खनन पट्टाधारी विनय डागा एवं क्ले एसोसिएशन सचिव सौरभ चांदना ने पूर्व स्वीकृत खनन पट्टा क्षेत्रों में बाद में हुए भूमि आवंटन से संबंधित प्रकरणों की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
लंबित खनन आवेदनों पर भी हुई चर्चा
एनजीओ प्रतिनिधि अरुण आचार्य ने गजनेर अभयारण्य की सीमा निर्धारण नहीं होने के कारण लंबित खनन आवेदनों में पर्यावरणीय अनुमतियां प्राप्त करने में आ रही समस्याओं से अवगत कराया। कलेक्टर ने वन विभाग से इस संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दिए।
ओवरलोड परिवहन पर जताई नाराजगी
जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में कलेक्टर ने चालू वर्ष में अवैध खनन और खनिजों के अवैध निर्गमन एवं भंडारण से संबंधित मामलों की समीक्षा की। खनिजों के अवैध परिवहन, भंडारण और ओवरलोड वाहनों को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई।उन्होंने पुलिस, खान एवं परिवहन विभाग को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त कार्रवाई करने तथा अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए।बैठक में पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी, आरटीओ अनिल पंडेया, जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा, खनि अभियंता महेश प्रकाश पुरोहित सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं गैसनेट प्रतिनिधि मौजूद रहे।








