हर परिवार को रोजगार और न्यूनतम 30 हजार मासिक आय का लक्ष्य, तीसरी संतान की शिक्षा का खर्च उठाने का ऐलान
भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के सितंबर में प्रस्तावित चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को चित्तौड़गढ़ रोड स्थित रेडियंस होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में सभापति पद के प्रत्याशी त्रिभुवन काबरा और महामंत्री पद के प्रत्याशी राजकुमार काल्या ने अपने पैनल का विजन और भावी कार्ययोजना सामने रखी।
पैनल ने समाज के प्रत्येक परिवार को रोजगार से जोड़ने और किसी भी माहेश्वरी परिवार की मासिक आय 30 हजार रुपए से कम नहीं रहने का लक्ष्य रखा। साथ ही हर परिवार के पास अपना घर हो, इसके लिए विशेष कार्ययोजना लागू करने की बात कही गई। समाज की घटती आबादी को रोकने के उद्देश्य से जरूरतमंद परिवार में तीसरी संतान होने पर उसकी शिक्षा का पूरा खर्च महासभा द्वारा उठाने का प्रस्ताव भी रखा गया।
राष्ट्रीय सभापति पद के प्रत्याशी त्रिभुवन काबरा ने कहा कि बुलेट ट्रेन के दौर में समाज के विकास को भी तेज गति देने की जरूरत है। उनका लक्ष्य दुनिया भर में माहेश्वरी समाज की विशिष्ट पहचान को और मजबूत करना है। महामंत्री प्रत्याशी राजकुमार काल्या ने कहा कि उनका पैनल किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही व्यवस्थागत कमियों को दूर करने के लिए चुनाव मैदान में है। सक्षम वर्ग को कमजोर वर्ग को आगे बढ़ाने में भूमिका निभानी चाहिए।
शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार पर फोकस
पैनल ने उच्च शिक्षा के लिए समाज की अपनी यूनिवर्सिटी और स्कूली शिक्षा के लिए उत्कृष्ट स्कूलों की चेन स्थापित करने की योजना बताई। समाज की विकास गतिविधियों को वित्तीय सहयोग देने के लिए अपनी एनबीएफसी तथा विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के लिए हॉस्पिटल चेन शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया।उद्यमियों को एक मंच पर लाने और प्रोत्साहित करने के लिए ‘जीतो’ की तर्ज पर माहेश्वरी इंडस्ट्री एंड ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (मीतो) बनाने तथा युवाओं के कौशल विकास के लिए बड़े शहरों में स्किल डेवलपमेंट सेंटर खोलने की योजना भी साझा की गई।
पत्रकार वार्ता में अर्थमंत्री प्रत्याशी प्रवीण लक्ष्मीनारायण सोमानी, संगठन मंत्री प्रत्याशी बाबूलाल मोहता और उप सभापति (पश्चिमांचल) प्रत्याशी राकेशकुमार जाजू मंचासीन रहे। पैनल ने भीलवाड़ा के प्रमुख उद्यमी लादूराम बागड़ की सामाजिक सेवाओं की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में लादूराम बागड़ ने आभार जताया, जबकि संचालन हरीश पोरवाल ने किया।
भीलवाड़ा पहुंचने पर प्रत्याशियों का स्वागत
इससे पहले चुनाव में विभिन्न पदों के प्रत्याशियों त्रिभुवन काबरा, राजकुमार काल्या, प्रवीण लक्ष्मीनारायण सोमानी, बाबूलाल मोहता और राकेशकुमार जाजू के भीलवाड़ा पहुंचने पर समाजजनों ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। स्वागत करने वालों में श्रीगोपाल राठी, दिलीप तोषनीवाल, श्याम समदानी, अर्चित मूंदड़ा, अरविन्द चाण्डक, अंकित सोमानी, हर्ष राठी, सचिन काबरा, रौनक कोठारी, अंकित लाखोटिया, शंशाक बिरला, श्रीलाल कोगटा, लोकेश आगाल और सुभाष बाहेती सहित कई समाजजन मौजूद रहे।








