खामोर/घुमन्तु दर्पण(किशन वैष्णव)। ग्राम पंचायत तहनाल क्षेत्र में सोमवार को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। शाहपुरा-बनेड़ा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने तहनाल अखाड़ा परिसर में आयोजित समारोह के दौरान करीब 11 करोड़ रुपए की लागत से हुए 40 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। विधायक के पहुंचने पर ग्रामीणों ने अलगोजा और मशक की पारंपरिक धुनों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
समारोह की अध्यक्षता प्रशासक गोविंद कंवर ने की। विशिष्ट अतिथियों में ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जीवराज गुर्जर, पूर्व सरपंच भगवत सिंह राणावत, तुलसी देवी, गोंदी देवी, पूर्व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष शंकर गुर्जर, जीएसएस अध्यक्ष गजराज गुर्जर सहित संत-महात्मा मौजूद रहे। विधायक ने विकास कार्यों से संबंधित शिलापट्टों का अनावरण कर कार्यों का लोकार्पण किया। पंचायत क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, पेयजल, स्वच्छता, सार्वजनिक सुविधाओं, सामाजिक स्थलों और गौशालाओं से जुड़े कार्य कराए गए हैं। डीएमएफटी योजना के तहत तहनाल-गोपालपुरा अप्रोच रोड के चौड़ाईकरण एवं सुदृढ़ीकरण के साथ तेजाजी चौक का विकास भी शामिल है।
स्कूलों में बढ़ी सुविधाएं
शिक्षा के क्षेत्र में रूपपुरा विद्यालय में चार कक्षा-कक्ष, पेयजल टंकी और शौचालय का निर्माण कराया गया। रूपपुरा बालिका विद्यालय में करीब एक करोड़ रुपए की लागत से भवन निर्माण हुआ है। नया तालाब विद्यालय में आठ कक्षा-कक्ष, किचन शेड, शौचालय और पेयजल टंकी बनाई गई। तहनाल के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सीसी सड़क, सीसीटीवी कैमरे और शौचालय सहित शंभूपुरा व गोपालपुरा के विद्यालयों में भी विभिन्न सुविधाएं विकसित की गई हैं।
युवाओं के लिए लाइब्रेरी बनी आकर्षण का केंद्र
विकास कार्यों में ग्राम पंचायत लाइब्रेरी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। युवाओं और विद्यार्थियों के लिए तैयार की गई लाइब्रेरी में शांत वातावरण में अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार सरपंच पति शिक्षक हैं और उनकी बेटी प्रशासनिक अधिकारी है। ऐसे परिवार में शिक्षा को प्राथमिकता दिए जाने के कारण युवाओं के लिए लाइब्रेरी की सौगात को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
गौशाला और सामाजिक स्थलों का भी विकास
पंचायत क्षेत्र में नया तालाब में आंगनबाड़ी केंद्र, विभिन्न समाजों के श्मशान घाटों के विकास, देवनारायण गौशाला में टीनशेड और शिव शक्ति गौशाला में सोलर पनघट सहित कई कार्य करवाए गए हैं। रामपुरा बालाजी, रूपपुरा और शंभूपुरा में सामुदायिक भवन तथा विभिन्न धार्मिक स्थलों पर टीनशेड, सीसी ब्लॉक और चारदीवारी जैसे कार्य भी शामिल हैं।
एक साथ 40 विकास कार्यों के लोकार्पण से ग्रामीणों में उत्साह रहा। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क, विद्यालय, पेयजल, आंगनबाड़ी, सामुदायिक भवन, गौशाला और लाइब्रेरी जैसे कार्य सीधे ग्रामीणों की जरूरतों से जुड़े हैं। खासकर लाइब्रेरी को गांव के युवाओं के भविष्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है।








