कोटा/घुमन्तु दर्पण। बेटे के तलाक केस का फैसला आने के बाद जोगणिया माता के दर्शन की मन्नत पूरी करने जा रही 57 वर्षीय महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे-27 पर केसरगंज कट के पास सड़क पर बिखरी गिट्टी और मिट्टी के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे महिला चलती बाइक से गिरकर गंभीर घायल हो गई।
बिजोलिया थाना हेड कांस्टेबल जुगराज ने बताया कि हादसा 16 अगस्त को हुआ था। घायल महिला शीला बाई (57), निवासी नया गांव रोझड़ी को बिजोलिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद कोटा स्थित न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर किया गया। इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
बेटे के फैसले के बाद मन्नत पूरी करने निकली थी
मृतका के जवाई कुलदीप ने बताया कि शीला बाई का बेटा अक्षय महावर टेलर का काम करता है। करीब दो साल पहले उसकी शादी हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया और तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा था। केस का फैसला आने के बाद शीला बाई ने जोगणिया माता के दर्शन की मन्नत मांगी थी और सात रविवार तक मंदिर जाने का संकल्प लिया था।
परिजनों के अनुसार 16 अगस्त को पांचवें रविवार को शीला बाई अपने बेटे अक्षय के साथ बाइक से जोगणिया माता के दर्शन के लिए जा रही थी। केसरगंज कट के पास सड़क पर गिट्टी और कंक्रीट बिखरी होने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और शीला बाई सड़क पर गिर गई।हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि हाथ-पैरों पर भी चोटें आईं। उन्हें तत्काल बिजोलिया अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने कोटा रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।








