भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। नौगावां के गाडरमाला रोड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री सांवरिया सेठ मंदिर परिसर में 4 सितंबर को गोकुलाष्टमी के पावन अवसर पर भव्य श्री कृष्ण जन्म महोत्सव आयोजित किया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट ने आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि विक्रम संवत 2083, भाद्रपद कृष्ण अष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाले महोत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम होंगे। “व्रज के रसिया, मन बसिया” थीम पर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी। झांकी की सजावट अजय सोनी द्वारा की जाएगी।
नई पीढ़ी को धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से कुरुक्षेत्र शंखनाद के तहत श्रीकृष्ण-अर्जुन संवाद का सजीव नाट्य मंचन भी होगा। यह प्रस्तुति शाम 6 बजे से प्रत्येक 20 मिनट के अंतराल पर आयोजित की जाएगी।मंदिर परिसर में दिव्य कारागार का दृश्य और सांवरिया सेठ के बाल स्वरूप की विशेष झांकी भी तैयार की जाएगी। मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साथ भव्य महाआरती होगी। इसके बाद श्रद्धालुओं को मंदिर ट्रस्ट की ओर से महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान गौ-दर्शन एवं गौ-परिक्रमा की व्यवस्था भी रहेगी। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न प्रकार के फलाहारी व्यंजनों की सशुल्क स्टॉलें लगाई जाएंगी।दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से प्रशासन के सहयोग से ई-बस सेवा की व्यवस्था भी की गई है। आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी आलोक पलोड़, सोहन गहलोत, सुनील नवाल, राकेश खोईवाल एवं श्रवण सेन सहित कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है।ट्रस्ट पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया है।







