बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में 34 ग्राम एमडी और 40.17 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश को भी पुलिस ने दबोच लिया।
कोटगेट थाना पुलिस ने सीओ सिटी अनुज डाल के सुपरविजन और थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए अशोक पुत्र भंवरलाल, निवासी चौधरी कॉलोनी, हाल रानी बाजार, को राजस्थान नर्सिंग होम के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से प्लास्टिक की पन्नी में 34 ग्राम एमडी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब एमडी की सप्लाई चेन और खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की जांच की जा रही है।
5 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
रणजीतपुरा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में करीब आठ माह से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश विकास पुत्र ईम्मीलाल विश्नोई, निवासी बज्जू खालसा, को गिरफ्तार किया है। आरोपी बज्जू थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में घटनास्थल से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था| पुलिस ने सूचना तंत्र और निगरानी के जरिए आरोपी के गौड़ू क्षेत्र में छिपे होने की जानकारी जुटाई। इसके बाद टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में थानाधिकारी जगदीशसिंह सहित कांस्टेबल मोबताराम और मोडाराम शामिल रहे।
स्कॉर्पियो से 40.17 ग्राम अफीम बरामद, तीन गिरफ्तार
देशनोक पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बिना नंबर की स्कॉर्पियो से 40.17 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील पुत्र शंकरलाल बिश्नोई, मांगीलाल पुत्र मालाराम बिश्नोई और कैलाश पुत्र भंवरलाल बिश्नोई के रूप में हुई है। तीनों फलोदी जिले के भोजासर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रुकवाकर तलाशी ली, जिसमें अफीम बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जसरासर थानाधिकारी राकेश स्वामी कर रहे हैं। कार्रवाई बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई।








