वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

भाजपा कार्यालय में हंगामा: अतिक्रमण कार्रवाई पर बवाल, विधायक पर 5 लाख रुपये मांगने का आरोप

बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच गुरुवार को बीकानेर भाजपा कार्यालय में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब उस्ताबारी बाहरी क्षेत्र निवासी युवा राजा आचार्य अपनी शिकायत लेकर पार्टी कार्यालय पहुंच गया। आचार्य ने बीडीए द्वारा की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए भाजपा विधायक जेठानंद व्यास पर राजनीतिक द्वेष के चलते कार्रवाई कराने का गंभीर आरोप लगाया

राजा आचार्य ने भाजपा के जिला प्रभारी मुकेश दाधीच और प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी विश्नोई के समक्ष कहा कि बीडीए तहसीलदार आकांक्षा गोदारा बिना कोई पूर्व नोटिस दिए केवल उनके मकान पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने पहुंचीं। उनका आरोप था कि क्षेत्र के अन्य लोगों को कोई नोटिस नहीं दिया गया और उन्हें राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने विरोध स्वरूप भाजपा कार्यालय में धरना देने की चेतावनी भी दी।शिकायत के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी विश्नोई ने जिला कलक्टर निशांत जैन से फोन पर बातचीत कर कार्रवाई रोकने का आग्रह किया। बताया जा रहा है कि जिला कलक्टर के निर्देश पर बीडीए की टीम पहली बार बिना कार्रवाई किए लौट गई।

विधायक और प्रदेश उपाध्यक्ष के बीच टकराव की चर्चा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिला कलक्टर से हुई बातचीत की जानकारी विधायक जेठानंद व्यास तक पहुंची, जिसके बाद उन्होंने भी जिला कलक्टर से संपर्क कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखने को कहा। चर्चा है कि विधायक ने यह भी कहा कि “बिहारी कौन होते हैं मेरे विधानसभा क्षेत्र में हस्तक्षेप करने वाले।बाद में जब राजा आचार्य दोबारा भाजपा कार्यालय पहुंचे और फिर से जिला कलक्टर से बात कराई गई, तो कथित तौर पर कलक्टर ने विधायक के निर्देशों का हवाला देते हुए कार्रवाई रोक पाने में असमर्थता जताई। इसके बाद बीडीए ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कर दी।

पुराने पत्र का भी आया उल्लेख

जानकारी के अनुसार विधायक जेठानंद व्यास ने 15 अप्रैल को नगर निगम आयुक्त को बेणीसर बारी से उस्ताबारी जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के संबंध में पत्र लिखा था। हालांकि मौके पर केवल बीडीए की टीम पहुंचने को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं और इसे लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

विधायक पर रिश्वत मांगने का आरोप

भाजपा कार्यालय में मौजूद प्रदेश पदाधिकारियों के सामने राजा आचार्य ने विधायक पर 5 लाख रुपये मांगने का गंभीर आरोप भी लगाया। उनका दावा था कि विधायक ने कथित रूप से कहा था कि यदि 5 लाख रुपये दिए जाएं तो अतिक्रमण नहीं हटाया जाएगा।हंगामा बढ़ने पर सदर थाना और बीछवाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया।

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें