बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। बीकानेर में अपराध और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हिस्ट्रीशीटरों के घरों के सामने बने अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया। गंगाशहर थाना क्षेत्र के करमीसर मार्ग पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई।पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोटगेट थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर आमीन खान और हसन अली द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। आमीन खान के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, हथियार तस्करी और मारपीट सहित 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं हसन अली के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित चार मामले दर्ज रहे हैं, जिनमें तीन में वह दोषमुक्त हो चुका है जबकि एक मामला विचाराधीन है।
कार्रवाई के दौरान बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीओ, विभिन्न थानों के प्रभारी और भारी पुलिस जाब्ता मौजूद रहा।पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने कहा कि अपराधियों और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि कई अन्य बदमाशों को भी चिन्हित किया जा चुका है और उनके खिलाफ भी जल्द इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया है कि जिले में अपराध और अवैध कब्जे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।








