भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) की ओर से शनिवार को गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में आतिशबाजी कर जश्न मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और नारेबाजी करते हुए इसे छात्रों और युवाओं के संघर्ष की जीत बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत NEET परीक्षा सहित विभिन्न परीक्षा अनियमितताओं से जुड़े दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रों को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष शिवराम (जी.पी.) खटीक ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों एवं युवाओं के लगातार संघर्ष का यह परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि बढ़ते जनदबाव के चलते सरकार को यह फैसला लेना पड़ा।इस दौरान कांग्रेस नेता सत्यवीर सिंह राठौड़ ने भी कहा कि यह छात्रों और अभिभावकों के संघर्ष की महत्वपूर्ण जीत है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग दोहराई।
कार्यक्रम में मनोज पालीवाल, मंजू पोखरणा, राजेंद्र जैन, रेखा हिरण, हारून रंगरेज, योगेश सोनी, रफीक बिसायती, चंद्रप्रकाश अमरवाल, वसीम शेख, शाहिद देशवाली, नवरत्न जैन, अनवर हुसैन, शमा बानो, इरशाद अंसारी, कमल प्रजापत, निसार सिलावट, दिनेश बैरवा, जगदीश व्यास, भेरूलाल जोशी, गोपाल खटीक, अजहरुद्दीन शेख, बाबू अंसारी, दिवेश शर्मा, राजकुमार जैन, सिकंदर कुरैशी, संजय राव, अनवर पठान, शादाब पठान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







