बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। जिले में खून के रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक और वारदात सामने आई है। छत्तरगढ़ और नोखा के बाद अब पांचू थाना क्षेत्र के जांगलू गांव में एक बेटे ने कथित तौर पर अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
एडिशनल एसपी ग्रामीण बनवारीलाल मीणा ने बताया कि मृतक की पहचान 55 वर्षीय गंगाबिशन विश्नोई के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका 25 वर्षीय बेटा राजाराम विश्नोई है। घटना सोमवार सुबह की है, जब आरोपी ने पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।नोखा सीओ जरनैल सिंह के अनुसार शुरुआती जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा सामने आया है। परिवार में काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में बीकानेर जिले में रिश्तों के कत्ल की कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले छत्तरगढ़ में दो युवकों ने अपने मामा, मौसा और मौसेरे भाई की हत्या कर दी थी, जबकि नोखा में एक भाई ने अपने सगे भाई की जान ले ली थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं सामाजिक रिश्तों में बढ़ती हिंसा और संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।







