भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र स्थित शिव नगर में रविवार सुबह एक युवक के तलवार लेकर घर में घुसने और दंपती पर हमला करने के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ सुभाष नगर थाने में शिकायत देकर सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, शिव नगर निवासी लाड देवी पत्नी दुर्गालाल माली ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11:10 बजे माणक नगर निवासी लखन पिता मदनलाल माली तलवार लेकर उनके घर पहुंचा। आरोपी ने घर में घुसने का प्रयास करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने पहले घर की खिड़की पर तलवार से वार किया। इसके बाद खिड़की के अंदर हाथ डालकर उनके पति पर हमला करने की कोशिश की। जब वह इसमें सफल नहीं हुआ तो खिड़की तोड़ने का प्रयास करने लगा। शोर-शराबा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन जाते-जाते धमकी दी कि यदि परिवार का कोई सदस्य घर के बाहर दिखाई दिया तो उसकी गर्दन तलवार से काट देगा।
घटना के बाद से पीड़ित परिवार भय के साये में है। परिवार ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ घर में घुसकर हमला करने, जान से मारने की धमकी देने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।सुभाष नगर थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








