नोखा/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)|शहर एवं देहात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा गुरुवार को डूडी हाउस में आमजन एवं किसानों की समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक के उपरांत नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी एवं बीकानेर देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपखंड कार्यालय पहुंचकर उपखंड अधिकारी को विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस जिला महासचिव मुरली गोदारा ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से किसानों एवं आमजन से जुड़े प्रमुख मुद्दों को उठाया गया। इनमें किसानों को यूरिया, डीएपी खाद एवं उन्नत किस्म के प्रमाणित बीज समय पर एवं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाने, नोखा जिला चिकित्सालय में लंबे समय से बंद पड़ी सोनोग्राफी मशीन को शीघ्र चालू करवाने, महिला वार्ड में कूलर की व्यवस्था करने, एमआरएस की बैठक शीघ्र बुलाने तथा विधानसभा क्षेत्र के सभी चिकित्सालयों में विशेषज्ञ चिकित्सकों, दवाइयों एवं आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई।इसके अलावा कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल संकट से प्रभावित क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति, नोखा शहर की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों का शीघ्र निर्माण, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति, नवली गेट रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेज गति से पूर्ण करवाने, बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने एवं शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग भी रखी गई।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि अन्नदेव फार्म प्रोड्यूसर, नोखा को वर्ष 2025-26 में भारी मात्रा में यूरिया एवं डीएपी खाद आवंटित की गई थी, लेकिन किसानों को वितरण करने के बजाय उसे जिले से बाहर अवैध रूप से बेच दिया गया, जिससे नोखा क्षेत्र के किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी ने कहा कि प्रदेश के किसान आज खाद, बीज, बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। किसानों को समय पर यूरिया और डीएपी उपलब्ध नहीं हो रही है तथा जो उपलब्ध हो रही है वह महंगी एवं गुणवत्ता को लेकर संदेहास्पद है। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल रही है और आने वाले निकाय एवं पंचायत चुनावों में जनता इसका जवाब देगी।
बीकानेर देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि अन्नदेव फार्म प्रोड्यूसर, नोखा को आवंटित खाद की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि किसानों के साथ हुए अन्याय का खुलासा हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनहित की बजाय जनविरोधी नीतियों पर कार्य कर रही है तथा पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने का काम किया है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
भूमि विकास बैंक के चेयरमैन रामनिवास गोदारा ने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों के हित में भूमि विकास बैंक के माध्यम से कोई प्रभावी योजना लागू नहीं कर रही है, जिससे किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।








