वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

77 वर्षीय बुजुर्ग ने बेटे-बहू पर लगाए मारपीट और बेदखली के आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। जिले की कोटड़ी तहसील के पारोली गांव निवासी 77 वर्षीय उदयलाल सुथार ने अपने ही बेटे और बहू पर मारपीट, घर से बेदखल करने तथा जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित बुजुर्ग ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अपनी जान-माल की सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है।

ज्ञापन में उदयलाल सुथार ने बताया कि उनका बेटा और बहू लंबे समय से उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना कर रहे हैं। उनका आरोप है कि एक पूर्व विवाद के दौरान बेटे ने बैसाखी से हमला किया था, जिससे उनकी एक आंख की रोशनी चली गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके बेटे ने पहले उनके पिता के साथ भी मारपीट की थी, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई थी।

बुजुर्ग के अनुसार, अब उन्हें उनके ही मकान, कृषि भूमि और अन्य संपत्ति से बेदखल कर दिया गया है। इतना ही नहीं, उनकी वृद्धावस्था पेंशन और मजदूरी से मिलने वाली राशि भी उनसे छीन ली जाती है। विरोध करने पर झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने वाले रिश्तेदारों और अन्य लोगों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया जाता है।

पीड़ित का कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत पारोली थाना पुलिस से भी की, लेकिन वहां से उन्हें कोई राहत नहीं मिली। सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। बुजुर्ग ने जिला पुलिस अधीक्षक से स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा उन्हें उनकी संपत्ति पर अधिकार दिलाने की भी मांग की है। अब इस मामले में पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें