वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

भीलवाड़ा की दो बेटियों ने बढ़ाया जिले का गौरव, माया ने जीता राष्ट्रीय कांस्य, अंजलि बनी राजस्थान पुलिस में सिपाही

गुरला/घुमन्तु दर्पण। भीलवाड़ा की केसरी नंदन व्यायाम शाला की दो प्रतिभाशाली बेटियों ने अपनी उपलब्धियों से जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। एक ओर माया पहलवान ने राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर राजस्थान का गौरव बढ़ाया, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय पदक विजेता अंजलि साहू का खेल कोटे से राजस्थान पुलिस में सिपाही पद पर चयन हुआ है। दोनों की सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में माया का शानदार प्रदर्शन

केसरी नंदन व्यायाम शाला के अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रशिक्षक जगदीश जाट ने बताया कि हरियाणा के रोहतक स्थित एमडीयू खेल परिसर में 10 से 12 जुलाई तक आयोजित राष्ट्रीय अंडर-23 सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता में भीलवाड़ा की माया पहलवान ने 72 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया। माया ने कांस्य पदक जीतकर राजस्थान और भीलवाड़ा जिले का मान बढ़ाया।

अंजलि का सपना हुआ साकार

व्यायाम शाला की एक अन्य होनहार पहलवान अंजलि साहू का खेल कोटे के माध्यम से राजस्थान पुलिस में सिपाही पद पर चयन हुआ है। अंजलि ने वर्षों की कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है।

पहले भी मिल चुकी हैं बड़ी सफलताएं

प्रशिक्षक जगदीश जाट ने बताया कि केसरी नंदन व्यायाम शाला लगातार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार कर रही है। इससे पूर्व व्यायाम शाला की खिलाड़ी मनीषा माली का भी भारतीय सेना में स्पोर्ट्स कोटे से चयन हो चुका है। इससे स्पष्ट है कि यह व्यायाम शाला खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

कुश्ती संघ और गणमान्यों ने दी शुभकामनाएं

दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर राजस्थान कुश्ती संघ के प्रधान राजीव दत्ता और महासचिव उम्मेद सिंह झांझरिया ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राजस्थान कुश्ती संघ खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।

इस अवसर पर केसरी नंदन व्यायाम शाला के संरक्षक राधेश्याम बहेड़िया, अध्यक्ष सुवाल जाट, नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक, सचिव अरुण शर्मा, कोषाध्यक्ष महेश पांडे, भारतीय रेलवे के डिप्टी सीटीआई रतनलाल जाट, जिला खेल अधिकारी हेमेंद्र सिंह राणावत सहित अनेक गणमान्य लोगों ने माया, अंजलि और उनके प्रशिक्षक जगदीश जाट को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें