पाली/घुमन्तु दर्पण(सुरेश पवार)। क्षेत्र के सुप्रसिद्ध भामाशाह, फिल्म निर्माता, राष्ट्रीय कवि एवं लेखक युगराज जैन (बिजोवा) ने आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक, रानी को एक नई विद्यालय बस भेंट कर शिक्षा एवं संस्कार के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान दिया।
इस अवसर पर आयोजित प्रार्थना सभा में युगराज जैन ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी आशीर्वचन दिए तथा अपनी ओजपूर्ण एवं भावपूर्ण कविताओं के माध्यम से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें नोटबुक भी भेंट की।
बस भेंट किए जाने की घोषणा से विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में हर्ष का वातावरण छा गया। अपने संबोधन में श्री युगराज जी जैन ने कहा कि वे सदैव विद्यालय परिवार के साथ खड़े रहेंगे तथा भविष्य में भी आवश्यकता पड़ने पर हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में आदर्श शिक्षा संस्थान के जिला सचिव सुरेश कुमार मालवीय ने आदरणीय अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने युगराज जैन के इस प्रेरणादायी सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे भामाशाह समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। अंत में श्री मालवीय ने विद्यालय परिवार की ओर से उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के आचार्यगण, प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।








