भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। शहर के पॉश इलाके आरसी व्यास कॉलोनी में 7 जुलाई को हुई चाकूबाजी की वारदात के मामले में सुभाष नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से घटना के कारणों और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
सुभाष नगर थाने के सहायक उप निरीक्षक साबिर मोहम्मद ने बताया कि आरसी व्यास कॉलोनी में हुई इस सनसनीखेज घटना में गवारिया बस्ती निवासी महेंद्र शास्त्री ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था और आरोपी फरार हो गया था।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार तलाश जारी रखी और आखिरकार आरोपी महेंद्र शास्त्री को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि हमले के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके। साथ ही वारदात में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।








