अलवर/घुमन्तु दर्पण। खैरथल-तिजारा जिले की किशनगढ़बास थाना पुलिस ने अवैध पेट्रोलियम पदार्थ की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से करीब 4400 लीटर अवैध पेट्रोलियम पदार्थ बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आगे चल रही एक बोलेरो गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार 7 जुलाई की देर शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो पिकअप वाहनों में बड़ी मात्रा में अवैध पेट्रोलियम पदार्थ ले जाया जा रहा है। तस्करों की मदद के लिए एक बोलेरो वाहन आगे-आगे चल रहा था, जो रास्ते में पुलिस की नाकाबंदी और गतिविधियों की रेकी कर लाइन क्लियर होने का संकेत दे रहा था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बनवारी लाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर तीनों वाहनों को रोक लिया।
तलाशी के दौरान दोनों पिकअप में रखे 22 ड्रमों से करीब 4400 लीटर अवैध पेट्रोलियम पदार्थ बरामद हुआ। वाहन चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पिकअप और बोलेरो को जब्त कर लिया। सूचना पर पहुंचे रसद विभाग के अधिकारियों ने जांच कर पेट्रोलियम पदार्थ की अवैधता की पुष्टि की, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सरजीत गुर्जर (23) निवासी गुर्जरी बास, कोटकासिम तथा राहुल गुर्जर (27) निवासी काकरा, किशनगढ़बास को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि अवैध पेट्रोलियम तस्करी के पूरे नेटवर्क और मुख्य सप्लायर तक पहुंचा जा सके।पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।







