घुमन्तु दर्पण|रियांबड़ी क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक परिवार पर भारी पड़ गई। भेरूंदा जीएसएस की एफआरटी (फॉल्ट रिपेयर टीम) में कार्यरत ठेका कर्मचारी सदीक (38) की बिजली लाइन पर फॉल्ट ठीक करने के दौरान करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने विभागीय कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में धरना शुरू किया जिसके बाद विभाग के अधिकारी व रियांबड़ी तहसीलदार अशोक कुमार मौके पर पहुंचे।परिवार को सहायता राशि देने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ। मृतक के बड़े भाई जवरदीन पुत्र अब्दुल्ला खां निवासी बिखरनिया खुर्द (थाना पादूकलां) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सदीक सौदा एंड कंपनी, गुड़गांव के माध्यम से ठेका कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। जो 4 जुलाई की शाम करीब 6 बजे वह बनवाड़ा फीडर से जुड़े शहबाज सिपाहियों की ढाणी स्थित डीपी का फॉल्ट ठीक करने पहुंचा था। आरोप है कि हाईटेंशन लाइन का शटडाउन लेने के बाद वह खंभे पर चढ़कर कार्य कर रहा था, तभी अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया। करंट लगने से वह नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी कर्मचारियों ने उसे तत्काल थांवला के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि शटडाउन दिए जाने के बावजूद विभागीय कर्मचारियों ने लापरवाही से लाइन दोबारा चालू कर दी, जिससे सदीक की जान चली गई। उन्होंने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है । इधर पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थांवला थानाधिकारी अशोक कुमार झाझडिया ने परिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है ।









