चित्तौड़गढ़/घुमन्तु दर्पण। कोतवाली थाना पुलिस ने गोपालनगर-मानपुरा स्थित रीको औद्योगिक क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को डिटेन किया गया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि 1 जुलाई को मानपुरा निवासी राजकुमार कुमावत ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 30 जून की रात अज्ञात बदमाश उनकी गोपालनगर-मानपुरा रीको एरिया स्थित फैक्ट्री से 5 एचपी की चार मोटर चोरी कर ले गए। इसके अलावा आसपास स्थित दो अन्य फैक्ट्रियों से भी तीन मोटर एवं अन्य सामान चोरी कर लिया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के निर्देशन एवं डीएसपी बृजेश सिंह के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर चार व्यक्तियों को डिटेन कर पूछताछ की।
पूछताछ के बाद परमेश्वर उर्फ निर्मल पुत्र सुखदेव वैष्णव, लोकेश पुत्र राधेश्याम मेघवाल, कन्हैयालाल उर्फ काना पुत्र नारायण लाल भील तथा संतोष पुत्र प्रभुलाल गाड़िया लौहार, सभी निवासी गोपालनगर, को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, तीन बाल अपचारियों को भी डिटेन किया गया है।इस कार्रवाई में थानाधिकारी तुलसीराम, एएसआई नवलराम, मनीष कुमार, रणजीतपुरी तथा विशेष टीम के एएसआई राजकुमार, रामावतार, सुनील कुमार, प्रहलाद, दुर्गेश, हेमराज, जोगेन्द्र, पदम और हरि का विशेष सहयोग रहा। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।







