बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। शहर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक युवक पर धारदार हथियारों और लोहे की सरियों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर पांच नामजद आरोपियों सहित आठ-दस अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घायल युवक के पिता सुनील जोशी ने गंगाशहर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनका पुत्र गौरव जोशी अपने मित्र ज्ञानांश आचार्य के साथ सुंदरलाल छत्ते वाले के यहां छत्ता खाने गया था। वापस घर लौटते समय बाफना स्कूल के पास उनकी मुलाकात अपने अन्य मित्र लक्ष्य व्यास से हुई। तीनों आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी फड़बाजार गैरसरिया मोहल्ला निवासी मुवाज खान, अरब खान, देव शेखावत, अजयराज तथा आठ-दस अन्य युवक हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे और गौरव पर जानलेवा हमला कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार हमलावरों ने लोहे की सरियों और रॉड से गौरव के हाथ, पैर और सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। बचाव के दौरान उसके हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि पैरों पर भी सरियों से हमला किया गया। घटना के बाद घायल को तत्काल पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।पुलिस ने पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक हेतराम को सौंप दी है।
पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
प्राथमिक जानकारी के अनुसार गौरव के चाचा के बेटे वेदांत जोशी के साथ कुछ समय पहले भी इन्हीं युवकों द्वारा मारपीट की गई थी। उस मामले में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया था, लेकिन बताया जा रहा है कि मुवाज खान और अरब खान गौरव से रंजिश रखने लगे थे। आरोप है कि मौका मिलते ही उन्होंने गौरव और उसके दो दोस्तों पर हमला कर दिया। किसी तरह तीनों युवक अपनी जान बचाकर वाहन से वहां से निकलने में सफल रहे।घटना के बाद गौरव के परिजनों और रिश्तेदारों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।








