वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

भीलवाड़ा में तैलिक साहू महासभा के राष्ट्रीय महासम्मेलन की तैयारियां तेज, आयोजन समिति का गठन

भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में प्रस्तावित अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक एवं दो दिवसीय सामाजिक जागृति महासम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए राजस्थान प्रांतीय तैलिक साहू महासभा ने आयोजन समिति का गठन करते हुए विभिन्न पदाधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

महासभा के प्रदेशाध्यक्ष देवीलाल साहू द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार वरिष्ठ पत्रकार प्रहलाद दिया (बड़ी हरणी) को आयोजन समिति का संयोजक बनाया गया है। वहीं महासभा के राष्ट्रीय युवा उपाध्यक्ष देवराज तेली एवं विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी एडवोकेट कुशल साहू को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है।

महासभा के अनुसार आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही विभिन्न व्यवस्थाओं के समन्वय का कार्य शुरू कर दिया गया है। आयोजन समिति कार्यक्रम स्थल के चयन, विभिन्न उपसमितियों के गठन, प्रशासनिक अनुमतियों, अतिथियों के स्वागत तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देगी। कार्यक्रम से जुड़े सभी महत्वपूर्ण निर्णय प्रदेश संगठन के मार्गदर्शन में लिए जाएंगे।

महासभा का कहना है कि भीलवाड़ा में आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय राष्ट्रीय महासम्मेलन समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। सम्मेलन में देशभर से महासभा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि, समाज के जनप्रतिनिधि एवं करीब 20 हजार प्रबुद्धजन शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति प्रस्तावित है।

प्रदेशाध्यक्ष देवीलाल साहू ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनकी सक्रियता, अनुभव और समन्वय क्षमता से आयोजन भव्य एवं सफल होगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से सहयोग और सक्रिय सहभागिता का आह्वान करते हुए इस महासम्मेलन को समाज की एकजुटता का प्रतीक बनाने की अपील की।आयोजन समिति के गठन के साथ ही भीलवाड़ा में प्रस्तावित राष्ट्रीय महासम्मेलन को लेकर समाजजन में उत्साह का माहौल है और तैयारियां तेज गति से शुरू हो गई हैं।

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें