पाली/घुमन्तु दर्पण(सुरेश पवार)|मारवाड़ के रानी, के प्रताप बाजार स्थित काठियावाड़ी चाय होटल पर हुई मारपीट एवं तोड़फोड़ की घटना के मुख्य आरोपी की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर व्यापारियों एवं समाजसेवियों ने सोमवार को रानी पुलिस थानाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि घटना के दौरान तीन आरोपियों को नामजद किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो सहयोगी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। व्यापारियों ने कहा कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से आमजन एवं व्यापारियों में असंतोष है तथा कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि फरार मुख्य आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन का प्रशासन एवं कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।








