मेरा सर्वेश्वर- मेरा
डेगाना/घुमन्तु दर्पण(सुशील लोरा)। गुरुवार को निर्जला एकादशी के पावन पर्व पर डेगाना के चादारूण नगर स्थित श्री श्याम मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड पडा। सुबह से ही बाबा श्याम के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए बडी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आरती में भाग लिया तथा प्रसाद ग्रहण कर सुख-समृद्धि की कामना की। एकादशी मेले के अवसर पर मंदिर परिसर एवं आसपास की सडकों पर विभिन्न प्रकार की दुकानों की आकर्षक सजावट की गई। मेले में आइसक्रीम, मिठाई, खिलौने तथा झूलों सहित अनेक दुकानों पर महिलाओं और बच्चों की विशेष भीड रही। श्रद्धालुओं ने मेले का आनंद लेते हुए जमकर खरीदारी की। श्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद हैडा ने बताया कि निर्जला एकादशी के अवसर पर आयोजित श्याम मेले में बडी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा। पूरे दिन धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण बना रहा, जिससे श्रद्धालुओं में उत्साह और श्रद्धा का विशेष माहौल देखने को मिला।








