पाली/घुमन्तु दर्पण| पाली जिले के गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र के बाला गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में युवक की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बाला निवासी जोगेंद्र गांव के हनुमान मंदिर में बिजली संबंधी कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक तेज करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही अचेत हो गया।
हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत जोगेंद्र को उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया। जहां आपातकालीन वार्ड में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई जा रही है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।युवक की असमय मौत से बाला गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।








