क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी साधना, सैकड़ों श्रद्धालु पहुंच रहे आश्रम
पाली/घुमन्तु दर्पण (सुरेश पवार)। मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं अति प्राचीन पेमापीर जी आश्रम, वोपारी गांव में महंत ओगड़ पीर ब्रह्मनाथ जी महाराज द्वारा गौ रक्षा, अच्छी वर्षा एवं विश्व शांति की कामना को लेकर कठोर तपस्या की जा रही है। उनकी यह साधना क्षेत्रभर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
पेमापीर मठाधीश श्री 1008 दीनानाथ जी महाराज ने बताया कि महंत श्री ओगड़ पीर ब्रह्मनाथ जी एक ही स्थान पर खड़े रहकर 21 दिनों तक बिना अन्न एवं जल ग्रहण किए खड़ेश्वरी योग तपस्या में लीन हैं। उनका संकल्प गौ संरक्षण, अच्छी वर्षा तथा विश्व कल्याण एवं शांति के लिए समर्पित है।महंत की इस कठिन तपस्या से प्रभावित होकर जिले सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पेमापीर आश्रम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु संत का आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ-साथ उनका उत्साहवर्धन भी कर रहे हैं।
आश्रम परिसर में प्रतिदिन श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। आसपास के सैकड़ों गांवों से लोग दर्शन एवं तपस्या के साक्षी बनने पहुंच रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस प्रकार की कठोर साधना विरले ही देखने को मिलती है, जिसके कारण यह तपस्या पूरे क्षेत्र में विशेष आकर्षण और चर्चा का विषय बनी हुई है।








