भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। पुरुषोत्तम मास के शुभ अवसर पर नौगांवा स्थित प्रसिद्ध श्री सांवरिया सेठ मंदिर में शनिवार, 31 मई को भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से भरपूर विशेष धार्मिक आयोजन होगा। मंदिर परिसर में दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से भक्तों को आध्यात्मिक अनुभूति का अवसर मिलेगा।
मंदिर समिति के संरक्षक डीपी अग्रवाल ने बताया कि आयोजन के तहत भगवान ठाकुर जी के नौका विहार और जल क्रीड़ा की विशेष व्यवस्था की गई है। सुबह 11 बजे ठाकुर जी को भव्य नौका में विराजमान कर विहार कराया जाएगा। इस दौरान नौका को श्रद्धालु अपने कंधों पर उठाकर लेकर चलेंगे, जो भक्तिभाव और समर्पण का अनूठा दृश्य प्रस्तुत करेगा।
आयोजन में प्रभु श्रीनाथ जी की विशेष झांकी भी सजाई जाएगी, जिसमें उनके विहंगम दर्शन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मंदिर परिसर में सुमधुर भजनों और संकीर्तन के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय बनेगा तथा श्रद्धालु प्रभु भक्ति में लीन नजर आएंगे।
ट्रस्ट के मनीष बहेड़िया, श्रवण सेन, गिरिराज काबरा और भंवरलाल दरगड़ ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के इस विशेष आयोजन को लेकर भक्तों में काफी उत्साह है। मंदिर समिति ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन का लाभ लेने की अपील की है।







