संजय कॉलोनी में गहराया जल संकट, स्थाई समाधान की मांग को लेकर कलेक्टर से मिले जनप्रतिनिधि
भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। शहर की संजय कॉलोनी के वार्ड 35, 36, 48 और 59 में लंबे समय से बनी हुई जल समस्या को लेकर अब जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के सामने मजबूती से आवाज उठाई है। इसी क्रम में निवर्तमान महापौर राकेश पाठक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर समस्या के स्थाई समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को बताया कि क्षेत्र में जलापूर्ति अनियमित है और पानी का दबाव भी काफी कम रहता है, जिससे लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में यह समस्या और विकराल रूप ले लेती है।
निवर्तमान महापौर ने PHED के माध्यम से क्षेत्र में नई पाइपलाइन बिछाने, पुरानी लाइनों के सुधार और जल भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने की मांग रखी, ताकि भविष्य में पानी की किल्लत से स्थाई राहत मिल सके।
इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता जताई।
इस दौरान वार्ड 35 से कैलाश जी, वार्ड 36 से पार्षद सुशीला जैन, वार्ड 48 से सागर पाण्डे, वार्ड 59 से बादाम देवी माली, राजेंद्र जैन एवं दौलत माली सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
जिला कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को संजय कॉलोनी की जल समस्या का तकनीकी परीक्षण कर जल्द से जल्द स्थाई समाधान निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि आमजन की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।








