भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को लेकर रविवार, 25 अक्टूबर को भीलवाड़ा शहर जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। दोपहर 2:30 बजे गांधी भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में होने वाली बैठक में अभियान की आगामी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी।
जिला कांग्रेस कमेटी, भीलवाड़ा शहर के अध्यक्ष शिवराम जीपी खटीक के नेतृत्व में आयोजित बैठक में AICC पर्यवेक्षक एवं इंदौर के पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल विशेष रूप से शामिल होंगे। उनकी मौजूदगी में मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
वार्ड स्तर तक अभियान पहुंचाने पर होगा मंथन
बैठक में शहर के प्रत्येक वार्ड तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित करने, जनसंपर्क गतिविधियों को व्यापक बनाने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर विचार-विमर्श होगा। साथ ही संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर आगामी कार्यक्रमों को गति देने की रणनीति बनाई जाएगी।
वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं कार्यकर्ताओं से शामिल होने की अपील
जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से वरिष्ठ कांग्रेसजन, विधायक प्रत्याशी, पीसीसी सदस्य, ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, प्रकोष्ठ एवं विभागों के अध्यक्ष व पदाधिकारी, पार्षद एवं पार्षद प्रत्याशी, पूर्व एवं वर्तमान कांग्रेस पदाधिकारियों सहित सभी कार्यकर्ताओं से बैठक में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम जीपी खटीक ने कांग्रेसजनों से एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने तथा मताधिकार की सुरक्षा और लोकतंत्र की रक्षा के संदेश को आमजन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।








